मंजियाली गांव में मां काली मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा, ध्याणियों ने चढ़ाया चांदी का छत्तर

 

तिलक चंद रमोला नौगांव: 

नौगांव विकासखंड के मंजियाली गांव में धार्मिक आस्था, लोकसंस्कृति और पारंपरिक उत्साह का भव्य संगम देखने को मिला। गांव में नव रूप में स्थापित मां काली मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मां काली की मूर्ति की विधि-विधान से स्थापना की गई, जिससे पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में डूब गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों और ध्याणियों ने श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की। विवाहित ध्याणियों ने मां काली के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए चांदी का छत्तर भेंट किया। वहीं ग्रामीणों द्वारा ध्याणियों को मां काली के प्रतीक चिह्न भी भेंट किए गए।

इस अवसर पर रवांई क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति भी पूरे रंग में नजर आई। ध्याणियों एवं ग्रामीण महिलाओं ने रासू, तांदी, हारुल और मांगल गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। “तु मेरी देवी काली, तेरी महिमा निराली, मेरे गांव की करिया रखवाली…” जैसे भक्तिमय गीतों से माहौल पूरी तरह भक्तिरस में सराबोर हो गया। रूदेश्वर महाराज और मां काली के जयकारों के बीच पांच पांडवों द्वारा प्रस्तुत पांडव नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा।

ग्राम प्रधान दबीड़ कोहली, चैन सिंह और सुरेंद्र राणा सहित ग्रामीणों ने कहा कि ईष्ट देवता गांव की आस्था, संस्कृति और सुख-दुख के सच्चे साथी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकता, भाईचारे और अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।

गांव के वरिष्ठ चैन सिंह ने बताया कि 1960 के दशक में यह मंदिर बिल्ला स्वरूप एक छोटे टल्ले पर स्थापित किया गया था। अब गांववासियों के सहयोग से मंदिर को भव्य रूप देकर मां काली की मूर्ति स्थापित की गई है। उन्होंने बताया कि यहां प्रत्येक भादो माह में भव्य काली मेले का आयोजन भी किया जाता है।

इस मौके पर रूद्रेश्वर माली अमित नौटियाल ने सभी ग्रामीणों और ध्याणियों को आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम में विशालमणि नौटियाल, अंकित आर्य, अरविंद चौहान, सरवीर राणा, अबलू कोहली, द्रौपदी कुमी देवी, अर्जुन चौहान, अमर सिंह चौहान, कृपाल सिंह, प्रवीन चौहान, हरपाल आर्य सहित अनेक ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। वहीं चैन सिंह, श्रीचंद, प्रधान दबीड़ कोहली, सुरेंद्र राणा, हरीमोहन, प्रेम सिंह, गोकल सिंह, सोबन सिंह, मोहन सिंह, पदू लाल, बर्मिया, साधू लाल, डबलू, रितिका राणा, संगीता राणा, मंजू, किरन, जोगड़ी रावत, अमिता चौहान, जयशिला समेत सैकड़ों ध्याणियों की उपस्थिति ने आयोजन को भव्य रूप प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *