अग्नि पीड़ित परिवारों के लिए जुणगा के ग्रामीणों ने बढाये हाथ । गांव में राहत कोष का भी हुआ गठन। 

 

सुरेश चंद रमोला / Sling न्यूज़

 उत्तरकाशी 

विगत 26 अप्रैल को हुई भीषण अग्निकांड की घटना ने ग्राम पंचायत जुणगा के कई परिवारों के जीवन को गहराई से प्रभावित किया। इस दर्दनाक हादसे में अनेक परिवारों के वर्षों की मेहनत से बनाए गए घर एवं जीवनभर की संचित पूंजी जलकर नष्ट हो गई थी । वहीं गांव के दो नागरिक आज भी गंभीर परिस्थितियों में जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस कठिन समय ने पूरे क्षेत्र को भावुक और चिंतित कर दिया।

आपदा की इस घड़ी में ग्राम पंचायत जुणगा ने केवल संवेदना व्यक्त करने तक स्वयं को सीमित नहीं रखा, बल्कि राहत और पुनर्वास के लिए ठोस एवं व्यवस्थित पहल की। ग्राम प्रधान अनिल सिंह भण्डारी के नेतृत्व में पंचायत द्वारा प्रस्ताव पारित कर विकास खंड डुंडा से अनुमोदन प्राप्त किया गया तथा “ग्राम आपदा राहत कोष – ग्राम पंचायत जुणगा” के नाम से बैंक खाता स्थापित किया गया। इस अभिनव पहल के माध्यम से आपदा प्रभावित परिवारों तक सहायता को संगठित और पारदर्शी ढंग से पहुँचाने की व्यवस्था की गई।

अनिल सिंह भण्डारी ने विधायक श्री संजय डोभाल जी द्वारा प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹20,000 की सहायता राशि उपलब्ध करवाई गई। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत जुणगा के ग्राम आपदा राहत कोष से प्रत्येक प्रभावित परिवार को ₹25,000 की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। ग्राम पंचायत एवं सहयोगी साथियों के निरंतर प्रयासों से प्राप्त सहयोग राशि को पूर्ण पारदर्शिता के साथ जरूरतमंद परिवारों तक पहुँचाया जा रहा गया।

यह पहल केवल राहत कार्य तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण एकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और सामूहिक सहयोग का एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आई है। ग्राम पंचायत जुणगा द्वारा शुरू किया गया यह मॉडल अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन सकता है कि यदि समाज एकजुट होकर कार्य करे, तो आपदा जैसी कठिन परिस्थितियों में भी प्रभावित परिवारों को नई आशा और संबल दिया जा सकता है।

ग्राम प्रधान ने कहा कि आगे भी प्राप्त होने वाला सहयोग जरूरतमंद परिवारों की सहायता और आपदा के समय गांववासियों के साथ मजबूती से खड़े रहने के लिए उपयोग किया जाएगा।

उन्होंने सभी समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों एवं सहयोगी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि एक छोटा सा सहयोग भी किसी परिवार के जीवन में बड़ा सहारा बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *