सांसद सैलजा ने रतिया में लगाया जनसुनवाई दरबार, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

 

प्रीति कंबोज/ रमोला न्यूज़

चंडीगढ़/फतेहाबाद(रतिया), 20 मई।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने बुधवार को रतिया स्थित रेस्ट हाउस में जनसुनवाई कर क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान रतिया के एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सांसद कुमारी सैलजा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनसुनवाई में पहुंचे लोगों की मूलभूत समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता को अपने कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रशासन संवेदनशीलता के साथ कार्य करे। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद सैलजा ने देश में बढ़ती महंगाई और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मिडल ईस्ट में लंबे समय से ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी, लेकिन केंद्र सरकार ने संभावित प्रभावों को लेकर पहले से कोई ठोस तैयारी नहीं की। उन्होंने कहा कि आज पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे हर वस्तु महंगी होती जा रही है और आम आदमी पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि केंद्र सरकार को समय रहते ऐसे प्रबंध करने चाहिए थे जिससे देशवासियों को राहत मिलती, लेकिन सरकार की लापरवाही का खामियाजा अब समाज के हर वर्ग को भुगतना पड़ रहा है। हरियाणा की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार का सिस्टम पूरी तरह जाम हो चुका है। लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सडक़ों पर उतरकर आंदोलन और जाम लगाने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार अपराध, हत्या और हमलों की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

हरियाणा में कांग्रेस के आगामी कार्यक्रमों को लेकर पूछे गए सवाल पर सांसद सैलजा ने कहा कि कांग्रेस नेता लगातार जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और समाधान के प्रयास कर रहे हैं।  इस मौके पर पांच बार नगर पार्षद रहे अजमेर सिंह ने सैलजा के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की। सांसद ने उनका स्वागत किया और कहा कि पार्टी में उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष अरविंद शर्मा, पूर्व विधायक निशान सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयपाल सिंह लाली, मंगतराम लालवास, सुरेंद्र वर्तिया, गुरदीप सिंह चहल, सुरेंद्र लेगा सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *