रमोला न्यूज नौगांव: उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष श्याम डोभाल ने कहा कि प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के हितों के संरक्षण एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ओबीसी वर्ग से जुड़ी सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा।
नौगांव में आयोजित बैठक में उन्होंने ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि आयोग का उद्देश्य ओबीसी वर्ग के लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने लोगों से अपनी समस्याएं एवं सुझाव आयोग तक पहुंचाने की अपील की, ताकि उनका समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण किया जा सके।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आगामी दो माह तक ब्लॉक और तहसील स्तर पर बैठकें आयोजित कर पात्र व्यक्तियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। रोजगार, स्वास्थ्य, छात्रावास निर्माण तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।
डोभाल ने ग्राम प्रधानों से वर्तमान जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि बाहरी क्षेत्रों से आकर रह रहे लोगों का सही पहचान एवं सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र से प्राप्त होने वाली सभी समस्याओं का तत्परता से समाधान किया जाएगा।
बैठक में सहकारी क्रय-विक्रय फल समिति के अध्यक्ष सोवेंद्र सिंह रावत, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष शशीमोहन सिंह राणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष मीना रावत, सीमा रावत, ग्राम प्रधान महावीर सजवाण, जगमोहन सिंह, केदार सिंह, प्रताप सिंह, कृपाल सिंह राणा, सुमन नौटियाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
