अनिरुद्ध मिश्रा /रमोला न्यूज़
चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी, चंडीगढ़ प्रदेश कार्यालय कमलम, सेक्टर-33 में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों (4380 दिनों) की उपलब्धियों को सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत के संकल्प की ऐतिहासिक यात्रा बताया।
मल्होत्रा ने कहा कि मोदी सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ देश में अभूतपूर्व परिवर्तन किए हैं। उन्होंने दावा किया कि इस अवधि में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। सरकार ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) प्रणाली को मजबूत कर पारदर्शिता बढ़ाई है, जिससे करोड़ों रुपये के लीकेज पर रोक लगी है।
उन्होंने बताया कि जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हैं। वहीं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से 81 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ से अधिक स्वास्थ्य कार्ड जारी किए गए हैं, जबकि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से करोड़ों लोगों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिला है।
मल्होत्रा ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत 16 करोड़ से अधिक घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ है। मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि और पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से छोटे कारोबारियों, रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं और कारीगरों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
किसानों के हित में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 11 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 4.3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की गई है। किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से भी किसानों को सस्ती दरों पर ऋण उपलब्ध कराया गया है।
महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के जरिए 3 करोड़ से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं सुकन्या समृद्धि योजना से लाखों बेटियों का भविष्य सुरक्षित हुआ है और सुरक्षा बलों में महिलाओं की भागीदारी में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि देश में बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई 2014 के 91 हजार किलोमीटर से बढ़कर 1.46 लाख किलोमीटर से अधिक हो गई है। रेलवे नेटवर्क का लगभग 99.6 प्रतिशत ब्रॉडगेज विद्युतीकरण पूरा हो चुका है तथा 1,300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। मल्होत्रा ने अन्य क्षेत्र मे किए गए विकास कार्यों का विस्तार से चर्चा की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास की ओर अग्रसर है और मजबूत होकर उभर रहा है
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष इंदिरा सिंह, नरेश पांचाल, प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी, संजीव राणा, प्रदेश मीडिया प्रभारी रवि रावत, प्रदेश सचिव मीनाक्षी ठाकुर एवं मनीष शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। पत्रकार वार्ता के दौरान सरकार की उपलब्धियों पर आधारित एक विशेष पुस्तिका का भी विमोचन किया गया।
