कुजोल पर्व एवं ध्याणी-मैती मिलन समारोह में उमड़ी आस्था,  हजारों श्रद्धालुओं ने किए भगवान कौल केदारी महाराज के दर्शन

 

तिलक चंद रमोला नौगांव: उत्तरकाशी जनपद के मोरी ब्लाक के सालरा गांव के कुल ईष्ट आराध्य भगवान श्री कौल केदारी महाराज

Shri Kaul Kedari Maharaj के मुख्य थान चौथाम सालरा में आयोजित तीन दिवसीय कुजोल पर्व, ध्याणी-मैती मिलन सम्मान समारोह एवं देव डोरिया सप्रेम भेंट अनुष्ठान हर्षोल्लास और धार्मिक आस्था के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे और भगवान कौल केदारी महाराज की देव पालकियों के दर्शन कर सुख, समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति का आशीर्वाद प्राप्त किया।

पर्व के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। संतान सुख एवं पुत्र रत्न की कामना लेकर पहुंचे अनेक श्रद्धालुओं ने रात्रि जागरण, भजन-कीर्तन एवं पूजा-अर्चना के माध्यम से भगवान की आराधना की। ध्याणी-मैती मिलन सम्मान समारोह में सालरा गांव की ध्याणियों ने परंपरा का निर्वहन करते हुए भगवान कौल केदारी महाराज को सोने एवं चांदी का डोरिया सप्रेम भेंट कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और पारंपरिक संस्कारों का अनूठा संगम देखने को मिला। अनुष्ठान विभिन्न गांवों के स्याणों, पुजारियों, माली-ठाणी, भंडारियों एवं देव व्यवस्थापकों की उपस्थिति में विधि-विधान से संपन्न हुआ।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिलापंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री जगत सिंह चौहान, पूर्व विधायक मालचंद , सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, समाजसेवी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन के दौरान विधायक दुर्गेश्वर लाल की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

आयोजकों ने सफल आयोजन के लिए ग्राम पंचायत सालरा के समस्त ग्रामीणों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं ने भगवान कौल केदारी महाराज, कौल कटारी महाराज, भैंशर देवता एवं जिबाश्लू देवता के जयकारों के साथ क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *