*हरियाणा की डायरी*
प्रस्तुति : चन्द्र शेखर धरणी
*वरिष्ठ,स्वतंत्र पत्रकार*
शिमला में हाल ही में आयोजित मीडिया कार्यक्रम में पत्रकारों के लिए पेंशन का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। कार्यक्रम के दौरान कई वक्ताओं ने हरियाणा में लागू पत्रकार पेंशन योजना का उल्लेख करते हुए इसे मीडिया कर्मियों के सामाजिक सुरक्षा मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया। विशेष रूप से हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की इस पहल के लिए खुलकर सराहना की गई।मीडिया वेल-बिंग (एमडब्ल्यूबी) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार समाज और लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, इसलिए उनके लिए सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकारों की जिम्मेदारी होनी चाहिए। इस दौरान हरियाणा में मनोहर लाल के मुख्यमंत्री रहते पत्रकार पेंशन योजना शुरू किए जाने का उल्लेख बार-बार किया गया और इसे अन्य राज्यों के लिए भी अनुकरणीय बताया गया।कार्यक्रम में यह मुद्दा भी उठाया गया कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान अपने घोषणा पत्र में पत्रकारों को पेंशन देने का वादा किया था, लेकिन अब तक यह योजना धरातल पर नहीं उतर सकी है। इस कारण पत्रकार संगठनों और मीडिया से जुड़े लोगों में इस विषय को लेकर लगातार चर्चा बनी हुई है।हालांकि, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस विषय को गंभीरता से देख रही है। उन्होंने संकेत दिए कि पत्रकारों के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर सरकार सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ विचार कर रही है।
शिमला के इस कार्यक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा का प्रश्न अब केवल किसी एक राज्य तक सीमित नहीं रहा है। हरियाणा में लागू मॉडल की चर्चा अब पड़ोसी राज्यों तक पहुंच चुकी है और पत्रकार पेंशन का मुद्दा नीति निर्माण के एजेंडे में तेजी से जगह बना रहा है।
।।।।।।
*सी एम ने बताया नरेंद्र मोदी का कार्यकाल ऐतिहासिक*
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पंचकूला स्थित पंचकमल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12वर्षीय कार्यकाल पूरे होने पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के लोगों ने भारत को बदलते देखा है। हर प्रधानमंत्री ने अपनी इच्छा शक्ति के साथ काम किया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऐतिहासिक कार्यकाल दुनियां में भारत की एक नई पहचान लेकर आने वाला कार्यकाल है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी देश के इतिहास में सबसे अधिक समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड स्थापित कर चुके हैं।मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को अपनी ओर से तथा हरियाणा की पौने तीन करोड़ जनता की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व को नमन किया। जिसने पिछले 12 वर्षों में भारत को विश्व की बड़ी शक्तियों में स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ओजस्वी नेतृत्व में भारत की आवाज जी-20, ब्रिक्स, एससीओ और संयुक्त राष्ट्र जैसे वैश्विक मंचों पर प्रभावी रूप से सुनी जाती है तथा देश निर्णायक भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री द्वारा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 और धारा 35-ए को हटाकर कश्मीर से कन्याकुमारी तक अखंड भारत के राष्ट्रीय स्वप्न को साकार किया गया। मई 2025 में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान दुनिया ने भारत की स्वदेशी तकनीक और हथियारों की शक्ति देखी, जबकि ‘ऑपरेशन महादेव’ के माध्यम से पहलगाम के गुनाहगारों को उनकी करनी की सजा दी गई।
।।।।
हरफनमौला तरुण भंडारी
हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी का बहुआयामी व्यक्तित्व लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। सत्ता और संगठन के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करने वाले भंडारी ने पिछले कुछ वर्षों में राजनीतिक रणनीतिकार, संगठन समन्वयक और जनसंपर्क विशेषज्ञ के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है।प्रदेश की राजनीति में उन्हें मुख्यमंत्री और सरकार के विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, संत-महात्माओं एवं प्रमुख धार्मिक पीठों से संवाद कायम रखने तथा विभिन्न सामाजिक वर्गों के साथ संपर्क बनाए रखने वाले प्रमुख चेहरों में गिना जाता है। राजनीतिक गलियारों में उनकी सक्रियता और व्यापक संपर्कों की चर्चा अक्सर होती रहती है।इसी कड़ी में हाल ही में उनका मुंबई दौरा भी सुर्खियों में रहा। प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक मीका सिंह के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं देने के लिए तरुण भंडारी विशेष रूप से मुंबई पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने संगीत और फिल्म जगत से जुड़ी कई प्रतिष्ठित हस्तियों से मुलाकात की। बताया जाता है कि मनोरंजन जगत के अनेक चर्चित कलाकारों के साथ उनके लंबे समय से आत्मीय संबंध हैं।मुंबई प्रवास के दौरान हुई इन मुलाकातों ने एक बार फिर यह संकेत दिया कि तरुण भंडारी की सक्रियता केवल राजनीतिक दायरों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी पहुंच सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजन जगत तक भी फैली हुई है। यही कारण है कि वे समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को जोड़ने वाले सेतु के रूप में भी देखे जाते हैं।
।।।।।
*दिल्ली में अमित शाह से मिले नायब सैनी*
नई दिल्ली में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट कर राज्य के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने मुलाकात के बाद कहा कि अमित शाह का मार्गदर्शन जनकल्याण और विकास के प्रति सरकार के संकल्प को निरंतर मजबूती प्रदान करता है।हालांकि इसे औपचारिक शिष्टाचार भेंट बताया गया है, लेकिन राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इस मुलाकात को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चर्चा है कि बैठक में हरियाणा में चल रहे विकास कार्यों, संगठनात्मक गतिविधियों तथा आगामी प्रशासनिक फैसलों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
इस मुलाकात का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि हाल ही में हरियाणा भाजपा की नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता भी अमित शाह से मुलाकात कर चुकी हैं। ऐसे में लगातार हो रही इन बैठकों को भाजपा संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि हरियाणा में विभिन्न बोर्डों, निगमों और आयोगों में होने वाली चेयरमैन नियुक्तियों को लेकर भी इस बैठक के संकेतों पर नजर रखी जा रही है। माना जा रहा है कि आगामी दिनों में संगठन और सरकार से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण निर्णय सामने आ सकते हैं।बैठक के दौरान राज्य में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं, केंद्र और राज्य के बीच समन्वय तथा जनहितकारी योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। हरियाणा सरकार वर्तमान में बुनियादी ढांचे, रोजगार, निवेश और ग्रामीण विकास से जुड़े कई बड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रही है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भी इस मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। ऐसे समय में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अमित शाह से हुई बातचीत को केवल औपचारिक मुलाकात के बजाय हरियाणा की आगामी राजनीतिक और प्रशासनिक दिशा से जोड़कर देखा जा रहा है।
।।।।
*कल्याण एक कुशल टीम लीडर*
हरियाणा विधानसभा द्वारा हाल ही में आयोजित त्रिदिवसीय राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र जोन-II सम्मेलन की अभूतपूर्व सफलता के पीछे विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण का नेतृत्व, दूरदर्शिता और अथक परिश्रम प्रमुख आधार रहा। एक कुशल टीम लीडर के रूप में उन्होंने आयोजन की प्रत्येक गतिविधि पर स्वयं निगरानी रखी और देर रात तक अधिकारियों एवं टीम सदस्यों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखा। उनके मार्गदर्शन में यह सम्मेलन न केवल सफल रहा, बल्कि हरियाणा विधानसभा की राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा बढ़ाने वाला आयोजन भी साबित हुआ।
घरौंडा विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर लगातार तीन बार जीत दर्ज कर राजनीतिक हैट्रिक लगाने वाले हरविंद्र कल्याण पेशे से इंजीनियर हैं। उन्होंने वर्ष 1989 में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की और पिछले तीन दशकों से अधिक समय से सार्वजनिक जीवन एवं राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।शांत, सौम्य और सहज व्यक्तित्व के धनी हरविंद्र कल्याण आधुनिक कार्यशैली के लिए भी जाने जाते हैं। वे अपने कार्यों को तकनीकी माध्यमों से प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्थित रखते हैं और निर्धारित समय में उन्हें पूरा कराने के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं। उनकी मिलनसारिता, व्यवहार कुशलता और सभी वर्गों के लोगों से सहज संवाद स्थापित करने की क्षमता उन्हें अन्य नेताओं से अलग पहचान देती है।राजनीतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियों में भी हरविंद्र कल्याण का योगदान उल्लेखनीय रहा है। वर्ष 2015 से 2019 तक उन्होंने हैफेड के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। विधानसभा में वे वर्ष 2019 से मार्च 2023 तक लोक लेखा समिति (पब्लिक अकाउंट्स कमेटी) के अध्यक्ष रहे। इसके अतिरिक्त वर्ष 2015-16 तथा 2023-24 में एस्टिमेट्स कमेटी के अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष के रूप में लगभग एक दशक तक संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका रही।जनसमस्याओं को जमीनी स्तर पर समझने के लिए हरविंद्र कल्याण ने वर्ष 2004 में घरौंडा विधानसभा क्षेत्र के 104 गांवों में लगभग 375 किलोमीटर की पदयात्रा की। इस दौरान उन्होंने गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को समझा और क्षेत्र के विकास के लिए विस्तृत अध्ययन किया। यही कारण है कि वर्ष 2014 से अब तक घरौंडा क्षेत्र में अनेक विकास परियोजनाओं को धरातल पर उतारने में वे सफल रहे हैं।
।।।।
*जब नायब सैनी ने लगाया छक्का*
अक्सर गाहे बगाहे राजनेताओं के चौके छक्के लगाए जाने के राजनीतिक बयान सुनने में मिल जाते हैं। लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मुख्यमंत्री आवास चंडीगढ़ संत कबीर कुटीर में वास्तव में ही छक्का जड़ दिया। वह भी किसी आम व्यक्ति द्वारा डाली गई गेंद पर नहीं। बल्कि पूर्व विश्व विजेता ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के कप्तान माइकल क्लार्क की गेंद को सीएम ने बाउंड्री के बाहर भेजा। उल्लेखनीय है कि ऑस्ट्रेलिया टीम के पूर्व कप्तान माइक क्लार्क ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से उनके चंडीगढ़ आवास पर एक शिष्टाचार भेंट की थी। इसी दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ उनके आवास के प्रांगण में क्रिकेट भी खेला था।जिसमें माइकल क्लार्क द्वारा डाली गई गेंद पर नायब सैनी ने छक्का जड़ दिया। ।।।
*अवार्ड सिफारिशों पर नहीं मिलते: विज*
हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि सर काम काम करने वालों को इनाम देता है यह सिफारिश पर नहीं मिलते। सरकार ने हमें जहां भी बिठाया हमने जबरदस्त काम किया है चाहे स्वास्थ्य मंत्रालय हो या गृह विभाग हमने जबरदस्त काम किया स्वास्थ्य विभाग में तो हमें अमिताभ बच्चन से भी अवार्ड मिला था। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना अवार्ड मिलेगा। हम सूर्य ऊर्जा के मामले में काम कर रहे हैं हमारा टारगेट 2 लाख का था। हमारे पास उससे भी अधिक आवेदन आए हुए हैं।इसके अलावा 1 किलो वाट तक के व्यक्ति जो बिजली का बिल सही समय पर भर रहे हैं। उन्हें बिना किसी बैंक गारंटी के हमारा स्टाफ उनके घर जाकर उनकी छत पर सोलर पैनल लगाने का काम कर रहा है। इसी प्रकार से 5 किलो वाट तक जो व्यक्ति सही रूटीन में बिल भर रहा है उन्हें भी सोलर पैनल दिया जा रहा है।
।।।
*फरीदाबाद विधानसभा में एक करोड़ पौधे उगाए जाएंगे विपुल गोयल*
हरियाणा सरकार में राजस्व, स्थानीय शहरी निकाय एवं नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने इको वन का उद्घाटन किया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है फरीदाबाद विधानसभा में लगभग 1 करोड़ पौधे उगाए जाए। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में 45 51 बनाए जाएंगे जिससे वाटर रिचार्ज और विलुप्त हो रही पौधों की प्रजाति को बचाया जा सकेगा। इसके अलावा इन वनों में पशु पक्षियों का भी खूब जमावड़ा देखा जा रहा है इससे पूर्व में मुख्यमंत्री द्वारा फरीदाबाद में नमो वन की भी सौगात दी गई थी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का सबसे श्रेष्ठ रिश्ता उसकी मां से होता है ऐसे में सभी को मां के नाम एक वृक्ष लगाना चाहिए।
।।।
*नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार अभिनंदन*
हरियाणा भाजपा को 43 वर्ष बाद अर्चना गुप्ता के रूप में मिली महिला प्रदेश अध्यक्ष का प्रदेश भर में जोरदार अभिनंदन किया जा रहा है। जिसके तहत पार्टी द्वारा एक आधिकारिक पत्र भी जारी किया गया था। नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता प्रदेश के जिन-जिन भी जिलों से गुजर रही है वहां पर जगह-जगह पर उनका जोरदार स्वागत किया जा रहा है। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में भी गजब का उत्साह और खुशी देखने को मिल रही है । वही विशेष कर महिला कार्यकर्ताओं की खुशी का कोई ठिकाना ही नहीं उनका उत्साह भी सातवें आसमान पर है।
।।।।।
*केएमपी बनेगा हरियाणा का ग्रोथ इंजन*
हरियाणा सरकार राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के विकास की दिशा बदलने वाली महत्वाकांक्षी योजना लेकर आ रही है। 16 जून को होने वाली एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की बैठक में राज्य सरकार रीजनल प्लान-2041 के तहत कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे कॉरिडोर को ‘सेंट्रल एनसीआर’ का दर्जा देने का प्रस्ताव रखेगी। सरकार इस 135 किलोमीटर लंबे क्षेत्र को भविष्य के सबसे बड़े आर्थिक और शहरी विकास केंद्र के रूप में विकसित करना चाहती है।
सरकार की योजना के अनुसार केएमपी और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के आसपास पांच किलोमीटर तक के क्षेत्र को सेंट्रल एनसीआर की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। इसे ‘गोल्डन रिंग ऑफ अपॉर्च्युनिटी’ के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है, जहां उद्योग, आवास, परिवहन और रोजगार के नए अवसर एक साथ विकसित होंगे।इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत ‘पंचग्राम परियोजना’ शुरू करने का प्रस्ताव है। इसके अंतर्गत करीब 2.5 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में पांच नए ग्रीनफील्ड शहर बसाए जाएंगे। इन शहरों में आधुनिक औद्योगिक हब, आवासीय टाउनशिप, वाणिज्यिक केंद्र और विश्वस्तरीय शहरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।योजना के अनुसार केएमपी एक्सप्रेसवे के दोनों ओर 2 से 6 किलोमीटर तक के क्षेत्र में सुनियोजित विकास किया जाएगा। इसके लिए विशेष ‘पंचग्राम विकास प्राधिकरण’ गठित करने का भी प्रस्ताव है, जो पूरे कॉरिडोर के विकास, नियोजन और निगरानी का कार्य करेगा।हरियाणा सरकार ने दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (डीएमआईसी) से जुड़े मानेसर-बावल निवेश क्षेत्र को भी इस योजना का प्रमुख हिस्सा बनाया है। इससे गुरुग्राम, मानेसर, बावल और आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश आकर्षित होने की उम्मीद है, जिसके परिणामस्वरूप रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
।।।।
*हरियाणा में कार्यभार और आबादी के आधार पर होंगे नए पटवार सर्किल*
हरियाणा सरकार ने राजस्व प्रशासन को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश में पटवार सर्कलों के पुनर्गठन का निर्णय लिया है। लंबे समय से लागू भूमि क्षेत्रफल आधारित व्यवस्था को बदलते हुए अब पटवारियों के कार्यक्षेत्र का निर्धारण कार्यभार, आबादी और प्रशासनिक जरूरतों के आधार पर किया जाएगा। सरकार का मानना है कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण और डिजिटल सेवाओं के विस्तार के कारण पारंपरिक व्यवस्था अब पर्याप्त नहीं रह गई है।हाल ही में पटवारियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने और विभागीय परीक्षा से जुड़े मामलों के निपटारे के बाद सरकार ने यह व्यापक बदलाव लागू करने का फैसला किया है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिला उपायुक्तों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं, ताकि नए मानकों के अनुसार पटवार सर्कलों का पुनर्निर्धारण किया जा सके।अब तक प्रदेश में पटवारियों के कार्यक्षेत्र का निर्धारण मुख्य रूप से भूमि के रकबे के आधार पर किया जाता था। लेकिन सरकार का कहना है कि वर्तमान समय में पटवारियों की जिम्मेदारियां केवल भूमि रिकॉर्ड तक सीमित नहीं रह गई हैं। म्यूटेशन, डिजिटल भूमि अभिलेख, ऑनलाइन सेवाएं, फसल सर्वेक्षण और नागरिकों से जुड़े राजस्व कार्यों में लगातार वृद्धि हुई है। ऐसे में कार्यक्षेत्र तय करने के लिए कार्यभार को प्रमुख आधार बनाया जाएगा।नई व्यवस्था के तहत एक पटवार सर्किल में औसतन लगभग 2000 एकड़ कृषि योग्य भूमि शामिल की जाएगी। हालांकि स्थानीय परिस्थितियों और क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए यह सीमा 1500 से 2500 एकड़ तक निर्धारित की जा सकेगी।नए नियमों के अनुसार पटवार सर्किलों के गठन में केवल कृषि भूमि ही नहीं, बल्कि संबंधित राजस्व एस्टेट की आबादी देह को भी शामिल किया जाएगा। वर्ष 2025 के नए आबादी देह संबंधी प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए सर्किलों की नई संरचना तैयार की जाएगी।
।।।।
*हरियाणा ने शुरू किया ‘एआई गवर्नेंस’ का नया मॉडल*
हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक निर्णयों को अधिक सटीक, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए गुरुग्राम में ‘एआई सैंडबॉक्स’ की शुरुआत की है। यह पहल सरकारी कामकाज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ विभागों की वास्तविक समस्याओं का तकनीकी समाधान खोजने का मंच बनेगी।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसे केवल एक तकनीकी परियोजना नहीं, बल्कि नागरिकों की जरूरतों को केंद्र में रखकर शासन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की पहल बताया है। सरकार का लक्ष्य है कि भविष्य में फैसले केवल पारंपरिक प्रक्रियाओं पर नहीं, बल्कि वास्तविक आंकड़ों और विश्लेषण आधारित मॉडल पर लिए जाएं।एआई सैंडबॉक्स को एक ऐसे नियंत्रित प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है, जहां विभिन्न सरकारी विभाग अपनी चुनौतियां साझा करेंगे। इन समस्याओं के समाधान के लिए स्टार्टअप, शोध संस्थान, तकनीकी विशेषज्ञ और नवाचार क्षेत्र से जुड़े संगठन एआई आधारित मॉडल तैयार करेंगे।इन समाधानों को पहले सीमित स्तर पर परखा जाएगा और सफल साबित होने पर व्यापक स्तर पर लागू किया जाएगा। यही वजह है कि इसे “टेस्ट बिफोर इन्वेस्ट” मॉडल के रूप में भी देखा जा रहा है, जहां बड़े निवेश से पहले तकनीक की प्रभावशीलता की जांच होगी।राज्य सरकार ने इस महत्वाकांक्षी पहल की शुरुआत पांच महत्वपूर्ण प्रशासनिक क्षेत्रों से की है। इनमें सड़कों की निगरानी, स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती, स्वास्थ्य सेवाओं का प्रबंधन, जलापूर्ति से जुड़ी शिकायतों का समाधान तथा जन शिकायत निवारण व्यवस्था शामिल हैं।
आने वाले समय में कृषि, राजस्व, शहरी विकास, परिवहन, सामाजिक कल्याण और अन्य विभागों को भी इस मंच से जोड़ने की योजना है।
।।।।।
