पार्वती रमोला /रमोला न्यूज़
पंचकूला, 21 जून – 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, 2026 के अवसर पर आज पंचकूला योगमय नजर आया। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय योग दिवस समारोह में हजारों नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। समारोह को विशेष अंतरराष्ट्रीय स्वरूप तब मिला, जब हरियाणा में अध्ययनरत एवं कार्यरत 16 मित्र देशों के सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक इसमें भागीदारी की।
इस अवसर पर हरियाणा की स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री कुमारी आरती सिंह राव भी उपस्थित रहीं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने हरित योग अभियान को और गति देते हुए परेड ग्राउंड परिसर में पौधारोपण किया। इसके उपरांत उन्होंने हरियाणा योग आयोग, पतंजलि योग संस्थान, भारतीय योग संस्थान और एनर्जेटिक योग संस्थान द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी सोच और प्रेरणा से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आज एक वैश्विक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। यह उस सनातन दर्शन का उत्सव है जो वसुधैव कुटुम्बकम के सिद्धांत को आत्मसात करते हुए ‘‘वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर’’ के व्यापक संकल्प को साकार कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया वास्तव में एक ग्लोबल विलेज बन चुकी है। ऐसे समय में योग सम्पूर्ण मानवता को जोड़ने वाला एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पंचकूला की इस पावन धरती पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में हरियाणा में अध्ययनरत एवं कार्यरत 16 मित्र देशों-अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, नेपाल, एस्वातिनी, गाम्बिया, इराक, आइवरी कोस्ट, लेसोथो, मेडागास्कर, मलावी, दक्षिण सूडान, सीरिया, तंजानिया, युगांडा और जिम्बाब्वे के सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लेकर वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को साकार रूप प्रदान किया। उनकी सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि योग सीमाओं, भाषाओं और संस्कृतियों से परे सम्पूर्ण मानवता को एक सूत्र में जोड़ने की क्षमता रखता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि आज पूरा विश्व भारत की इस अमूल्य विरासत का सम्मान कर रहा है। इसे हमारे ऋषि-मुनियों ने तप, साधना और ज्ञान के माध्यम से मानव मात्र को समर्पित किया था। आज यह संयुक्त राष्ट्र के मंच से लेकर दुनिया के लगभग हर देश तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग है’। यह थीम वर्तमान समय में और भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि विश्वभर में अधिक आयु के लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। इस अधिक आयु में व्यक्ति स्वस्थ, सक्रिय और आत्मनिर्भर बना रहे, इसके लिए योग अत्यंत सहायक है।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया एक ऐसी चुनौती का सामना कर रही है, जहां मानसिक तनाव, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, हृदय रोग और मोटापा जैसे रोग फैलते जा रहे हैं। हमारे ऋषि-मुनियों ने हजारों वर्ष पहले ही कह दिया था कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है। आज आधुनिक विज्ञान भी यही बात स्वीकार कर रहा है। दुनिया भर में हुए अनेक शोध बताते हैं कि नियमित योग से तनाव कम होता है, रक्तचाप नियंत्रित रहता है, प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है और जीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आता है।
उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के दौरान पूरी दुनिया ने देखा कि योग और प्राणायाम ने लाखों लोगों को मानसिक शक्ति और आत्मविश्वास प्रदान किया। जब पूरी दुनिया अनिश्चितता और भय से घिरी हुई थी, तब योग आशा का दीपक बनकर सामने आया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा खेलों, किसानों और वीर जवानों की धरती है। लेकिन, हमें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि हरियाणा स्वस्थ जीवनशैली की भी अग्रणी भूमि बने। इसी लक्ष्य के तहत, आज डबल इंजन सरकार योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर काम कर रही है। स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, आयुष संस्थानों, पंचायतों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से योग को जन आंदोलन बनाया जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अहवान किया कि वे आधुनिक जीवन की दौड़ में अपने स्वास्थ्य को पीछे न छोडें और प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग अभ्यास अवश्य करें।
उन्होंने कहा कि आज भारत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के निर्माण के लिए स्वस्थ नागरिक, जागरूक समाज और संतुलित जीवन मूल्य भी जरूरी हैं। जिस राष्ट्र के नागरिक स्वस्थ होंगे, वही राष्ट्र समृद्ध होगा और जिस राष्ट्र के युवा ऊर्जावान होंगे, वही राष्ट्र विश्व का नेतृत्व करेगा। हमें भारत को ऐसा ही राष्ट्र बनाना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि योग को एक दिन के आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि योग को जीवन का हिस्सा बनाएं और विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनें।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने वृद्ध सेवा एवं स्वास्थ्य पोर्टल तथा संजीवनी योग प्रोग्राम का शुभारम्भ किया। इसके अलावा, उन्होंने हरियाणा योग आयोग की त्रैमासिक पत्रिका ‘योगमय हरियाणा’ एवं सामान्य योग प्रोटोकॉल पुस्तिका के साथ-साथ योग गुरु स्वामी रामदेव जी की पुस्तक ‘योगर्षियोगनिघण्टुः’ का भी विमोचन किया।
कार्यक्रम के दौरान हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डा0 जयदीप आर्य द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के योग प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया गया। इसमें आईटीबीपी, सीआरपीएफ और पुलिस जवानों, राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान पंचकूला, स्कूल और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, आम नागरिकों और विभिन्न योग संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी रही।
