रमोला न्यूज नौगांव :
उत्तरकाशी जिले के नौगांव स्थित सरस्वती इंटर कॉलेज में डब्ल्यूआईआई-एनएमसीजी (भारतीय वन्यजीव संस्थान-राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन) की टीम द्वारा 39वें बाल गंगा प्रहरी कॉर्नर की स्थापना की गई। इस पहल का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में नदी संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना है।
कॉर्नर में इंटरएक्टिव डिस्प्ले, विभिन्न जीव-जंतुओं के कटआउट तथा कहानी आधारित पुस्तकों की व्यवस्था की गई है। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को गंगा, यमुना एवं उनकी सहायक नदियों के पारिस्थितिक, पौराणिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी जाएगी। यह कॉर्नर बच्चों को खेल-खेल में सीखने का अवसर भी प्रदान करेगा।
यह पहल भारतीय वन्यजीव संस्थान के वन्यजीव विज्ञान संकाय की संकायाध्यक्ष डॉ. रुचि बडोला के नेतृत्व तथा बाल गंगा प्रहरी कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. संगीता अंगोम के मार्गदर्शन में संचालित की गई।
कार्यक्रम के दौरान डब्ल्यूआईआई-एनएमसीजी टीम के सदस्य अश्मिका अग्रवाल, दानिश कलीम और एस.के. पाल ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए जागरूकता कार्यशाला आयोजित की। कार्यशाला में नदी प्रदूषण, प्लास्टिक कचरे के दुष्प्रभाव और जैव विविधता संरक्षण पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही विद्यार्थियों को जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश अग्रवाल ने कहा कि इस प्रकार के बाल गंगा प्रहरी कॉर्नर बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और संरक्षण की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने डब्ल्यूआईआई-एनएमसीजी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कॉर्नर भविष्य में आसपास के विद्यालयों के लिए भी एक प्रेरणादायी नोडल केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। सभी ने नदियों को स्वच्छ रखने, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
