भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती अर्चना गुप्ता ने ज्ञानचंद गुप्ता को पंचकूला विधानसभा में तिरंगा यात्रा का संयोजक नियुक्त किया

विक्रांत शर्मा/ रमोला न्यूज़ ब्यूरो
पंचकूला, 1 अगस्त – भारतीय जनता पार्टी द्वारा देश की आजादी की 79वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में पूरे हरियाणा प्रदेश में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में पंचकूला विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा के लिए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती अर्चना गुप्ता ने वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता को संयोजक तथा भाजपा जिला महामंत्री श्री जय कौशिक को सह-संयोजक नियुक्त किया है।

श्री ज्ञानचंद गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचकूला में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन 12 अगस्त को किया जाएगा। इस यात्रा में पंचकूला विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथ स्तर के कार्यकर्ता, जिला एवं प्रदेश स्तर के भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर शीघ्र ही भाजपा के सभी प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

श्री गुप्ता ने कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इस पवित्र तिरंगे तले स्वतंत्रता प्राप्त करने के लिए लाखों देशभक्तों ने अपने प्राण न्योछावर किए। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य उन महान बलिदानियों को नमन करना, राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना और नई पीढ़ी में देशप्रेम का संदेश पहुंचाना है।

उन्होंने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पंचकूला के नागरिकों से आह्वान किया कि वे 12 अगस्त को आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान प्रकट करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *