अनिरुद्ध मिश्रा/ रमोला न्यूज़ ब्यूरो
चंडीगढ़, 3 अगस्त। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर चंडीगढ़ के सेक्टर-20 स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने भगवान शिव के शिवलिंग का विधिवत जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।
मंदिर के मुख्य पुजारी हरिराम पांडे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान भोलेनाथ का अभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। इस दौरान मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर समिति की ओर से कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के लिए भोजन, चाय और शीतल पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई, जिसकी सभी ने सराहना की। पूरे आयोजन के दौरान सेवा भावना और धार्मिक उत्साह का सुंदर वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने कहा कि श्रावण का प्रथम सोमवार भगवान शिव की आराधना का विशेष दिन होता है और इस दिन जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। कार्यक्रम का समापन आरती और प्रसाद वितरण के साथ श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ।
