मोहाली के सस्ता मार्केट में दिनदहाड़े दबंगों की घुसपैठ, सामान ले जाने का प्रयास, व्यापारियों में रोष

 

अनिरुद्ध मिश्रा

मोहाली, 4 अगस्त।

मोहाली के झुझार नगर स्थित सस्ता मार्केट में सोमवार, 3 अगस्त 2026 की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब दो बोलेरो गाड़ियों में सवार कुछ अज्ञात लोग एक दुकान में घुस गए और वहां रखे आरओ तथा एलईडी उठाकर ले जाने का प्रयास करने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब दुकान के कर्मचारियों ने उनसे सामान ले जाने का कारण पूछा तो उन्होंने दावा किया कि दुकान मालिक ने चार वर्ष पहले उनसे 50 हजार रुपये लिए थे, इसलिए वे सामान ले जा रहे हैं। कर्मचारियों ने तत्काल दुकान मालिक ललित शाह से संपर्क किया। ललित शाह ने स्पष्ट किया कि उनका किसी व्यक्ति का कोई बकाया नहीं है और न ही उन्होंने किसी से इस प्रकार की राशि ली है।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों की भीड़ बढ़ती देख अज्ञात व्यक्ति सामान छोड़कर अपनी बोलेरो गाड़ियों में सवार हुए और मौके से फरार हो गए।

कुछ देर बाद दुकान मालिक ललित शाह दुकान पहुंचे, उन्होंने पूरी घटना की जानकारी ली और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। इसके बाद उन्होंने बलौंगी थाने पहुंचकर अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई तथा पुलिस को घटना की वीडियो फुटेज भी उपलब्ध कराई।

मंगलवार, 4 अगस्त को ललित शाह ने मीडिया को संबोधित करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मांग की कि इस प्रकार की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि व्यापारियों में सुरक्षा का विश्वास बना रहे। उन्होंने पंजाब व्यापार मंडल से भी इस मामले में सहयोग की अपील की तथा पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की।

व्यापारियों का कहना है कि यदि ऐसे मामलों में समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापारियों में भय का माहौल पैदा होगा। वहीं पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *