कमल नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना

रमोला न्यूज ब्यूरो

नौगांव: तहसील पुरोला के तलड़ा तोक में कमल नदी पर स्थायी पुल निर्माण की मांग को लेकर शनिवार को सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश कुमार के नेतृत्व में ग्रामीणों ने नदी में ही धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरना स्थल पर पहुंचे लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को पुल निर्माण की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी, लेकिन ग्रामीणों ने ठोस कार्रवाई शुरू होने तक धरना जारी रखने का निर्णय लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2022-23 की आपदा में तलड़ा तोक में कमल नदी पर बनी आरसीसी पुलिया बह गई थी। पुलिया बहने के तीन वर्ष बाद भी यहां स्थायी पुल का निर्माण नहीं हो पाया है। इसके चलते तलड़ा समेत थली, बिनगदेरा मल्ला और सुनारा छानी सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि रविवार तक पुल निर्माण को लेकर ठोस कार्रवाई शुरू नहीं हुई तो तलड़ा समेत आसपास के गांवों के ग्रामीण सड़क पर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
धरने का नेतृत्व कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश कुमार ने कहा कि ग्रामीण पिछले तीन वर्षों से पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक धरातल पर कोई ठोस पहल नहीं हुई है। आपदा के बाद से ग्रामीणों की परेशानी लगातार बनी हुई है। पुल नहीं होने से बरसात के दौरान नदी पार करना और भी जोखिम भरा हो जाता है।

डीपीआर शासन को भेजी, स्वीकृति मिलते ही शुरू होगा निर्माण
धरना स्थल पर पहुंचे लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता शुभम सिंह ने ग्रामीणों को बताया कि तलड़ा पुल निर्माण की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेज दी गई है। शासन से स्वीकृति और बजट प्राप्त होते ही पुल निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
धरने पर सुमन राणा, अनिल रावत, सुनील रावत, जनक नेगी, दिनेश कुमार, ऋतिक चमोली, नवीन चमोली, हरेंद्र सिंह राणा, सुरेंद्र राणा, विपिन रावत, मानवेंद्र राणा और विजय कुमार सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *