पंचकूला नगर निगम चुनाव में लोकतंत्र से खिलवाड़ की साजिश, वोट चोरी का खेल दोहराने पर आमादा भाजपा — संजीव भारद्वाज

 

कोमल रमोला /रमोला न्यूज़

पंचकूला। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश मीडिया प्रभारी संजीव भारद्वाज ने आज कांग्रेस मेयर प्रत्याशी के चुनावी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता हासिल करने के लिए किसी भी स्तर तक जाने को तैयार है और पंचकूला नगर निगम चुनाव में भी सुनियोजित तरीके से वोट चोरी जैसे हथकंडे अपनाने की कोशिश की जा रही है। संजीव भारद्वाज ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर जनादेश को प्रभावित करने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि पंचकूला की जनता भाजपा की मंशा को भलीभांति समझ चुकी है और आने वाले चुनाव में जनता लोकतंत्र विरोधी ताकतों को करारा जवाब देगी। उन्होंने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल को याद करते हुए कहा कि वे केवल एक राजनेता नहीं बल्कि हरियाणा की राजनीति के “युगपुरुष” थे। पंचकूला जैसे आधुनिक और व्यवस्थित शहर की परिकल्पना कर उसे धरातल पर उतारने का श्रेय चौधरी भजनलाल को जाता है। उन्होंने उग्रवाद के कठिन दौर में पीड़ितों और विस्थापित परिवारों को आश्रय और आवास उपलब्ध करवाकर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया था। संजीव भारद्वाज ने भाजपा नेत्री हरिका शर्मा द्वारा चौधरी भजनलाल के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इतने महान व्यक्तित्व के प्रति इस प्रकार की भाषा का प्रयोग बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की यह मानसिकता उनके संस्कार और राजनीतिक स्तर को दर्शाती है। उन्होंने भाजपा सरकार के दस वर्षों के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि पंचकूला को विश्वस्तरीय शहर बनाने के बड़े-बड़े दावे केवल कागजों तक सीमित रह गए। पिछले चुनावों में जारी किए गए घोषणा पत्रों पर आज तक अमल नहीं हुआ, जिसके कारण भाजपा को फिर से नए वादों का सहारा लेना पड़ रहा है। संजीव भारद्वाज ने कहा कि आज भी पंचकूला के लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं, बरसात के समय जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण सड़कों पर जलभराव हो जाता है और यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता को सुविधाएं देने में विफल रही है, लेकिन एनहैंसमेंट फीस, हाउस टैक्स और गार्बेज टैक्स जैसे बोझ डालकर लगातार जनता की जेब काटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अब फैसला पंचकूला की जनता के हाथ में है कि वह विकास, पारदर्शिता और जनहित की विचारधारा का समर्थन करेगी या फिर दमनकारी और विनाशकारी राजनीति को बढ़ावा देने वाली भाजपा का। इस पत्रकार वार्ता में पूर्व मेयर रविंद्र रावल, जिला अध्यक्ष संजय चौहान, पूर्व विधायक एवं मंत्री लहरी सिंह, वरिष्ठ नेता विजय बंसल, एडवोकेट रणबीर राणा, नरेश मान, राजेंद्र सिंह खेड़ावाली, शशि शर्मा और सलीम दबकौरी सहित अनेक कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *