विक्रांत शर्मा /रमोला न्यूज़ ब्यूरो
पंचकूला: पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आईटीबीपी भानू में विद्यार्थियों के लिए “इमोशनल इंटेलीजेंस तथा तनाव प्रबंधन विषय पर एक ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रीमती प्रियंका पूनिया , प्रशिक्षक एवं विशेषज्ञ, द्वारा विद्यार्थियों को उक्त विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों को भावनात्मक बुद्धिमत्ता के महत्व, अपनी भावनाओं को पहचानने एवं नियंत्रित करने, तनाव के कारणों तथा तनाव को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करने के विभिन्न उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया। विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि सकारात्मक सोच, आत्म-जागरूकता, आत्म-नियंत्रण एवं बेहतर संवाद कौशल के माध्यम से वे अपने व्यक्तिगत एवं शैक्षणिक जीवन को अधिक संतुलित बना सकते हैं।
कार्यक्रम में तनाव प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, मानसिक दृढ़ता एवं बेहतर जीवनशैली जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने व्याख्यान में रुचि एवं उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विषय से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
यह व्याख्यान विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभदायक, प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक रहा। इससे विद्यार्थियों को अपनी भावनाओं एवं तनाव को समझने तथा उन्हें सकारात्मक तरीके से प्रबंधित करने की उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की ओर से मुख्याध्यापिका श्रीमती मोनिका द्वारा श्रीमती प्रियंका पूनिया जी का उनके बहुमूल्य समय एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया गया।
