सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को सांसद कार्तिकेय शर्मा और कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा ने कालका एवं पिंजौर में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रमों में सहभागिता की

 

हेमंत कुमार (रमोला न्यूज़ ब्यूरो )

कालका 23सितंबर

सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को सांसद कार्तिकेय शर्मा और कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा ने कालका एवं पिंजौर में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रमों में सहभागिता की।

सबसे पहले कालका कोर्ट परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके बाद पिंजौर धारा मंडल एवं गुरुद्वारा के पास स्थित 7 बावड़ियों की सफाई की गई। सांसद कार्तिकेय शर्मा और विधायक शक्ति रानी शर्मा ने स्वयं सफाई अभियान में भाग लेकर लोगों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। ‘Before & After’ तस्वीरों में अभियान का असर साफ दिखाई दिया। सफाई के बाद बदली तस्वीर ने यह संदेश दिया कि जनभागीदारी और सामूहिक प्रयास से सार्वजनिक एवं ऐतिहासिक जलस्रोतों को फिर से स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।

कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरणा लेकर उन्होंने स्वच्छता का यह बीड़ा उठाया है। प्रधानमंत्री ने स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से स्वच्छता को केवल सरकारी कार्यक्रम न रखकर जनभागीदारी का आंदोलन बनाया है। उसी भावना को सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा, “कूड़ा हमारा है तो सफाई भी हम करेंगे। घर हमारा है तो साफ भी हम ही रखेंगे। जिस तरह हम अपने घर की स्वच्छता की जिम्मेदारी लेते हैं, उसी तरह अपनी गली, मोहल्ले, गांव, शहर और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना भी हमारा दायित्व है।”

सांसद ने लोगों से अपील की कि स्वच्छता को केवल किसी अभियान या विशेष दिन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दिनचर्या और जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि यह स्वच्छता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को स्वच्छता के इस संकल्प से जोड़ा जाएगा।

कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा ने भी अभियान में सहभागिता करते हुए लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की बुनियाद है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने भी सफाई कार्य में सहयोग किया। कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि “स्वच्छता केवल अभियान नहीं, हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *