अमृतसर, 18 अप्रैल (हरमिंदर नागपाल/ रमोला न्यूज़):
उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) स. गुरमीत सिंह ने आज सचखंड श्री हरिमंदर साहिब में नतमस्तक होकर गुरु साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। इस अवसर पर श्री दरबार साहिब के सूचना केंद्र में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने स. गुरमीत सिंह का स्वागत किया और उन्हें सिरोपाओ, श्री दरबार साहिब का स्वर्ण मॉडल और धार्मिक पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया।
शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट धामी ने कहा कि सचखंड श्री हरिमंदर साहिब पूरी मानवता के लिए आस्था का केंद्र है, जहाँ प्रतिदिन देश-विदेश से बड़ी संख्या में संगत नतमस्तक होने आती है। उन्होंने कहा कि हर सिख अपनी उपलब्धि पर गुरु साहिब का शुक्राना करने के लिए इस पावन स्थान पर आता है। आज उत्तराखंड के राज्यपाल स. गुरमीत सिंह, जो अमृतसर जिले के ही मूल निवासी हैं, यहाँ दर्शन करने पहुँचे हैं। एडवोकेट धामी ने यह भी बताया कि उत्तराखंड में सिखों से संबंधित पावन स्थलों के विषय में भी राज्यपाल के साथ चर्चा हुई, जिस पर उन्होंने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
इस दौरान राज्यपाल स. गुरमीत सिंह ने कहा कि गुरु के आशीर्वाद से ही इस पावन स्थान के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा:
”यह वह दर है, जहाँ से समूची मानवता को एकता का संदेश मिलता है। इस पावन स्थान के दर्शन करके मैं नई ऊर्जा महसूस कर रहा हूँ।”
