रोमी सिंह/ रमोला न्यूज़
पंचकूला 2 मई: पंचकूला नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘नई सोच, नया शहर’ अभियान के अंतर्गत आज शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का भव्य आयोजन किया गया। इन नाटकों के माध्यम से आम जनमानस और विशेषकर स्ट्रीट वेंडर्स (रेहड़ी-फड़ी संचालकों) को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
*नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बाजारों और रिहायशी इलाकों में स्वच्छता जागरूकता का संदेश*
नगर निगम की टीम और कलाकारों ने शहर के व्यस्त बाजारों और रिहायशी इलाकों में अपनी प्रस्तुतियों के जरिए लोगों का ध्यान प्रभावी ढंग से आकर्षित किया। इस नाटक का मुख्य केंद्र कचरा प्रबंधन और स्वच्छता से जुड़े महत्वपूर्ण विषय रहे, जिनमें गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में डालने के महत्व पर जोर दिया गया। साथ ही, सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए कपड़े के थैलों के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया गया। इसके अतिरिक्त, स्ट्रीट वेंडर्स की जिम्मेदारी पर भी विशेष ध्यान दिया गया, जिसमें रेहड़ी-फड़ी संचालकों को अपनी दुकान के आसपास स्वच्छता बनाए रखने और डस्टबिन का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
*जनभागीदारी से ही पंचकूला बनेगा स्वच्छता में अव्वल*
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचकूला को स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल स्थान दिलाने के लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि ‘नई सोच’ का अर्थ है स्वच्छता को केवल सरकारी जिम्मेदारी न मानकर अपनी नैतिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाना। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “शहर हमारा घर है और इसकी सफाई हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। स्ट्रीट वेंडर्स अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं; यदि वे अपनी जगह साफ रखेंगे, तो पूरा बाजार स्वच्छ और व्यवस्थित नजर आएगा।
*स्ट्रीट वेंडर्स का उत्साह*
नुक्कड़ नाटक देखने के बाद कई स्ट्रीट वेंडर्स ने संकल्प लिया कि वे अपनी रेहड़ी के पास गंदगी नहीं फैलाएंगे और आने वाले ग्राहकों को भी डस्टबिन का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ‘नई सोच, नया शहर’ अभियान के तहत आने वाले दिनों में शहर के अन्य वार्डों में भी इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि स्वच्छता का यह संदेश घर-घर तक जए
