राजकुमार /रमोला न्यूज़ ब्यूरो
नई दिल्ली। श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय किन्नर अखाड़े की ओर से 7 अगस्त 2026 को भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में डॉ. मुणालिनी नंदगिरी जी का महामंडलेश्वर पद पर अभिषेक धार्मिक परंपराओं और वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
यह विशेष समारोह अनंत श्री विभूषित श्री श्री 1008 किन्नर पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी जी के सानिध्य एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर श्री श्री 1008 सोनाक्षी नंदगिरी जी महाराज की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-अर्चना एवं वैदिक विधि-विधान संपन्न किए गए। बड़ी संख्या में संत-महात्माओं, साधु-संतों और धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं ने समारोह में उपस्थित होकर डॉ. मुणालिनी नंदगिरी जी को महामंडलेश्वर पद की नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
किन्नर अखाड़े की ओर से कहा गया कि महामंडलेश्वर पद केवल एक धार्मिक उपाधि नहीं, बल्कि सनातन धर्म, समाज और मानवता की सेवा से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इस पद के माध्यम से आध्यात्मिक जागरूकता को बढ़ावा देने, धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और समाज में सेवा एवं समरसता का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया जाता है।
समारोह में उपस्थित संत-महात्माओं ने डॉ. मुणालिनी नंदगिरी जी के उज्ज्वल आध्यात्मिक जीवन की कामना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए आशीर्वाद प्रदान किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।
